सुशासन तिहार 2026 : राजपुर क्लस्टर समाधान शिविर में 603 आवेदनों का त्वरित निराकरण

0

 

सुशासन तिहार 2026 : राजपुर क्लस्टर समाधान शिविर में 603 आवेदनों का त्वरित निराकरण



                    उत्तम साहू, मगरलोड 

धमतरी, 29 मई 2026। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आमजन की मांगों एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से विकासखंड मगरलोड के ग्राम पंचायत राजपुर में क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया।

राजपुर क्लस्टर में राजपुर, झाझरकेरा, बोरसी, भोथा, लड़ेर, पाहंदा, सोनेवारा, सरगी, डाभा, करेली छोटी, छिपली, मोहंदी, बेलोरा एवं सोनपैरी ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। शिविर में कुल 872 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 869 मांग एवं 3 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। इनमें से 601 मांग एवं 2 शिकायत सहित कुल 603 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर में ग्रामीणों को उनके आवेदनों की स्थिति और निराकरण की जानकारी विस्तार से दी गई। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा 5 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग ने एक दिव्यांग हितग्राही को ट्राईसिकल प्रदान की, जबकि श्रम विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की टीम ने 65 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर सिकल सेल, रक्तचाप, शुगर, सर्दी-बुखार एवं कमजोरी संबंधी जांच की। साथ ही 5 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। शिविर में 15 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए तथा 5 लोगों का आधार अपडेट और 2 नवीन आधार कार्ड भी बनाए गए।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर समाधान शिविर आयोजित होने से उन्हें विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर सहज रूप से प्राप्त हो रहा है। प्रशासन द्वारा त्वरित निराकरण और जनसुनवाई की व्यवस्था से ग्रामीणों में संतोष एवं विश्वास का वातावरण दिखाई दिया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू, सहकारिता सभापति कृष्णा कुमार ध्रुव, जनपद सदस्य कविता सिन्हा, विनीत बाफना, दुर्गेशनंदनी, पूर्व उपाध्यक्ष कोमल यदु, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय यदु, पूर्व जिला पंचायत सदस्य खुबलाल ध्रुव, मगरलोड मंडल अध्यक्ष रोहित मोहन साहू सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर मांग एवं शिकायतों के निराकरण की जानकारी ली तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !