विधायक अंबिका मरकाम की मौजूदगी में संपन्न हुआ शहीद कप 2026, भैंसासांकरा बनी विजेता
उत्तम साहू
नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र के दुगली वनांचल में आयोजित शहीद कप 2026 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। शहीद निर्मल नेताम की स्मृति एवं क्षेत्रीय सामाजिक समरसता को समर्पित इस आठ दिवसीय टेनिस बाल पंचायत स्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन डायमंड क्रिकेट क्लब दुगली, कौहाबाहरा और कोलियारी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 20 मई को शहीद निर्मल नेताम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में दुधिया रोशनी से जगमगाते मैदान में खेला गया।
फाइनल मुकाबले में जिला गरियाबंद की बोडराबांधा टीम और जिला धमतरी की भैंसासांकरा टीम आमने-सामने थीं। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में आयोजित इस महामुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में सिहावा विधायक अंबिका मरकाम एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने शहीद जवान निर्मल सिंह नेताम एवं स्वर्गीय जवान महेन्द्र नेताम के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा टॉस प्रक्रिया पूरी कर मैच का शुभारंभ कराया।
टॉस जीतकर भैंसासांकरा की टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बोडराबांधा की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 76 रन बनाए और जीत के लिए 77 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में भैंसासांकरा की टीम ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 4 ओवर 4 गेंद में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। टीम की जीत के नायक सलामी बल्लेबाज माखन रहे, जिन्होंने ताबड़तोड़ 46 रन बनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए माखन को “मैन ऑफ द सीरीज” से सम्मानित किया गया, जबकि बोडराबांधा के डगेन्द्र को बेस्ट बल्लेबाज एवं बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अंबिका मरकाम ने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का बड़ा मंच होती हैं। उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। वहीं पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने भी ग्रामीण अंचल में इतने व्यवस्थित आयोजन को सराहनीय बताया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के मार्गदर्शक सुरेन्द्र राज ध्रुव ने विधायक के समक्ष क्षेत्र के युवाओं के लिए ओपन जिम, मिनी स्टेडियम एवं हाई स्कूल मैदान में हाईमास्ट सोलर लाइट लगाने की मांग रखी। विधायक अंबिका मरकाम ने मंच से ही ओपन जिम की घोषणा करते हुए अन्य मांगों को भी शासन स्तर पर पूरा कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनवर रजा, प्रदेश सचिव सजल नाग, जनपद सदस्य दुर्गेश नंदिनी, कुलदीप साहू, जितेन्द्र नेताम, बंशीलाल सोरी, मोनिका मंडावी, तुलसीराम मंडावी, रामेश्वर मरकाम, पी.आर. सलाम, रज्जू ध्रुव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।




