पूरे छत्तीसगढ़ में आज बजेगी शहनाई, 2300 से ज्यादा जोड़े थामेंगे एक-दूजे का हाथ

0

 

पूरे छत्तीसगढ़ में आज बजेगी शहनाई, 2300 से ज्यादा जोड़े थामेंगे एक-दूजे का हाथ

कर्णेश्वर धाम देउरपारा में भी भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी 


उत्तम साहू 

नगरी। छत्तीसगढ़ में आज सामाजिक समरसता और खुशियों का अनोखा उत्सव देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 8 मई को प्रदेशभर में एक साथ सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, जहां 2300 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। धमतरी जिले के नगरी स्थित कर्णेश्वर धाम देउरपारा में भी भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समानता और संवेदनशील शासन का प्रतीक बन गया है। विभिन्न धर्मों और समुदायों के जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेंगे। इनमें हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध समाज के साथ विशेष पिछड़ी जनजातियों के युवक-युवतियां भी शामिल हैं।

प्रदेशभर में प्रशासनिक अमला आयोजन को सफल बनाने में जुटा हुआ है। विवाह स्थलों पर भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है ताकि सभी नवदंपतियों और उनके परिजनों को सम्मानजनक वातावरण मिल सके।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कभी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटियों का विवाह बड़ी चिंता हुआ करता था, लेकिन मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने इस चिंता को विश्वास और सम्मान में बदल दिया है। यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बनकर उभरी है।

योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत मजबूती के साथ कर सकें।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। उल्लेखनीय है कि इस विशाल सामूहिक विवाह आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जा चुका है, जो छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !