कुत्तों के हमले में कोटरी की मौत, पानी की तलाश में बस्ती पहुंची थी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पानी की तलाश में जंगल से भटककर बस्ती तक पहुंची एक कोटरी (हिरण प्रजाति) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मामला रायगढ़ वन परिक्षेत्र के चिराईपानी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को जंगल से भटककर एक कोटरी गांव तक पहुंच गई। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए घायल कोटरी गांव निवासी मनोज इनसेना के घर के आंगन में घुस गई, लेकिन कुत्तों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को भगाया और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल कोटरी का पशु चिकित्सक से उपचार कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुरक्षित रूप से देलारी जंगल में छोड़ दिया गया था। वन अमला उसकी निगरानी भी कर रहा था, लेकिन शाम को निरीक्षण के दौरान वह मृत अवस्था में मिली।
वन विभाग की टीम मृत कोटरी को इंदिरा विहार लेकर पहुंची, जहां अगले दिन पशु चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि गर्मी बढ़ने और जलस्रोत सूखने के कारण वन्यप्राणी अब जंगलों से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच रहे हैं। इससे वन्यजीवों और ग्रामीणों दोनों के सामने खतरा बढ़ता जा रहा है।

