धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता : पॉक्सो एक्ट के 3 मामलों में आरोपियों को 20-20 साल की सजा

0

 

धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता : पॉक्सो एक्ट के 3 मामलों में आरोपियों को 20-20 साल की सजा

नाबालिगों से दुष्कर्म के मामलों में न्यायालय का सख्त फैसला, मजबूत विवेचना और प्रभावी पैरवी का दिखा असर

 


           उत्तम साहू धमतरी। 27 मई 2026
महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ धमतरी पुलिस की “जीरो टॉलरेंस” नीति लगातार सख्त होती नजर आ रही है। नाबालिगों से दुष्कर्म के तीन अलग-अलग मामलों में न्यायालय ने दोष सिद्ध पाए जाने पर तीन आरोपियों को 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड की सजा सुनाई है।

धमतरी पुलिस की वैज्ञानिक विवेचना, त्वरित साक्ष्य संकलन और न्यायालय में मजबूत प्रस्तुतीकरण के चलते आरोपियों को कठोर सजा दिलाने में सफलता मिली है। वर्ष 2026 में ही पॉक्सो एक्ट के 9 मामलों में न्यायालय द्वारा सख्त फैसला सुनाया जा चुका है, जिसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े गंभीर अपराधों की लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा रही है। सभी विवेचना अधिकारियों को तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

तीन मामलों में सुनाई गई सजा

अर्जुनी थाना मामला

थाना अर्जुनी के अपराध क्रमांक 113/2025 में आरोपी तोरण लाल जोशी निवासी ग्राम दोनर को भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत दोषी पाते हुए न्यायालय ने 20 वर्ष के सश्रम कारावास और अर्थदंड से दंडित किया।

भखारा थाना मामला

थाना भखारा के अपराध क्रमांक 87/2025 में आरोपी सागर उर्फ करण साहू निवासी ग्राम गुहेली, जिला बेमेतरा को दोषसिद्ध पाते हुए न्यायालय ने 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई।

सिहावा थाना मामला

थाना सिहावा के अपराध क्रमांक 46/2025 में आरोपी नरेंद्र कुमार मंडावी निवासी भंडारवाड़ी को न्यायालय ने दोषी मानते हुए 20 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया।

विवेचना अधिकारियों को मिलेगा सम्मान

तीनों मामलों की विवेचना निरीक्षक प्रमोद अमलतास, उप निरीक्षक कपिश्वर पुष्पकार एवं सहायक उप निरीक्षक दुलाल नाथ द्वारा गंभीरता और पेशेवर दक्षता के साथ की गई। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन, पीड़िताओं और गवाहों के मजबूत बयान तथा प्रभावी पैरवी के कारण आरोपियों को कठोर सजा दिलाने में सफलता मिली।

इन उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा तीनों विवेचना अधिकारियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

2026 में पॉक्सो मामलों में लगातार सख्त फैसले

धमतरी पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में इससे पहले भी सिटी कोतवाली धमतरी, बिरेझर, सिहावा और मगरलोड थाना क्षेत्रों के कुल 6 पॉक्सो मामलों में आरोपियों को 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा दिलाई जा चुकी है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !