महानदी उद्गम स्थल गणेश घाट सिहावा में गूंज रही हरि कथा,भक्ति में डूबे श्रद्धालु
तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में उमड़ रही आस्था, कथा वाचक गोकर्ण मिश्रा दे रहे सनातन संस्कृति का संदेश
उत्तम साहू,नगरी।
आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति की पावन धरती महानदी उद्गम स्थल गणेश घाट सिहावा इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर है। यहां 27 मई से 29 मई तक आयोजित तीन दिवसीय हरि कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पवित्र महानदी के उद्गम क्षेत्र में हो रहे इस धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन संध्या समय आयोजित हरि कथा में प्रसिद्ध कथा वाचक गोकर्ण मिश्रा अपनी मधुर वाणी और प्रेरणादायी प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं का संदेश दे रहे हैं। कथा के दौरान भगवान की भक्ति, मानव जीवन के आदर्श, संस्कारों की महत्ता और समाज में नैतिक मूल्यों को बनाए रखने पर विशेष प्रकाश डाला जा रहा है।
कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आ रहे हैं। आयोजन स्थल पर दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पूरा गणेश घाट क्षेत्र भजन, कीर्तन और धार्मिक वातावरण से गूंज उठा है।
धार्मिक आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं हेतु पेयजल, बैठने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।
इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पटेल राजेश यदु, देव समिति संरक्षक नारायण पटेल, अंजोर सिंह निषाद, देव समिति अध्यक्ष देवब्रत गौतम, पुजारी लतखोर कश्यप, नवयुवक मंडल अध्यक्ष संतोष पटेल, श्रृंगी ऋषि विकास समिति अध्यक्ष संजय सारथी, ऋषि पंचमी समिति गणेशघाट अध्यक्ष बलदेव निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समिति सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि महानदी उद्गम स्थल जैसे पवित्र स्थान पर आयोजित हरि कथा से न केवल धार्मिक आस्था मजबूत हो रही है, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का भी प्रेरणादायी संदेश मिल रहा है।

