मुख्यमंत्री कन्या विवाह के तहत कर्णेश्वर धाम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 38 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
सांसद विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने दिया नव युगलों को आशीर्वाद
उत्तम साहू 8 मई 2026
नगरी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत नगरी विकासखंड में शुक्रवार को सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम कर्णेश्वर धाम देउरपारा के प्रांगण में संपन्न हुआ, जहां 38 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। पूरे आयोजन स्थल में वैदिक मंत्रोच्चार की मधुर धुन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों को जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान अतिथियों ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। योजना के माध्यम से गरीब परिवारों पर विवाह का आर्थिक बोझ कम हुआ है और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिला है।
अतिथियों ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराया जा रहा है, जिससे परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी देते हैं।
कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, अकबर कश्यप, श्रवण मरकाम, मोहन पुजारी, पार्षद शैलेश्वरी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी सोमेंद्र साहू, विभागीय कर्मचारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सहित बड़ी संख्या में वर वधू के परिजनों मौजूद रहे। समारोह के दौरान नवदंपत्तियों को विवाह उपहार भी प्रदान किए गए और पूरे आयोजन को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया।





