पानी की तलाश में कुएं में गिरा तेंदुआ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
बालोद, 8 मई। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। भोजन और पानी की तलाश में भटकते जंगली जानवर रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे हैं। इसी कड़ी में बालोद जिले के जगतरा गांव में एक तेंदुआ कुएं में गिर गया।
बताया जा रहा है कि करीब 4 साल का यह तेंदुआ कुएं के भीतर मोटर पाइप के सहारे अपनी जान बचाने की कोशिश करता रहा। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण रोजमर्रा की तरह पानी भरने कुएं पर पहुंचे, तब उन्हें इस घटना की जानकारी हुई।
कुएं के भीतर झांकते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि एक तेंदुआ पानी के पाइप को पकड़कर लटका हुआ है। गांव में तेंदुए के कुएं में गिरने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वन अमला तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी में जुटा हुआ है। ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और कुएं के पास भीड़ न लगाने की अपील की गई है।

