अभनपुर-राजिम मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, हाईवा की चपेट में आने से 3 युवकों की मौत
अभनपुर-राजिम मार्ग पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक आए मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे रेत से भरे हाईवा वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नायकबांधा, हसदा और उरला निवासी युवकों के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल हाईवा वाहन को जप्त कर लिया है तथा चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

