पानी के विवाद ने ली जान: पार्षद समेत 4 गिरफ्तार, महानदी किनारे रेत में दफन मिला युवक का शव

0

 

पानी के विवाद ने ली जान: पार्षद समेत 4 गिरफ्तार, महानदी किनारे रेत में दफन मिला युवक का शव



रायपुर जिले के मंदिर हसौद क्षेत्र में मामूली विवाद ने खौफनाक वारदात का रूप ले लिया। शराब पार्टी के दौरान शुरू हुए झगड़े में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को महानदी किनारे रेत में दफनाकर मामले को छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में पूरा राज खुल गया।

मृतक की पहचान ग्राम नकटी निवासी 22 वर्षीय भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो मोनेट कंपनी में ऑपरेटर था। वह 22 मई से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

शराब भट्ठी के पास शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन भुवनेश्वर मंदिर हसौद स्थित शराब भट्ठी के पास कुछ लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पानी को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। बताया जा रहा है कि विवाद निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे और भुवनेश्वर के बीच हुआ था।

कार में अगवा कर ले गए महासमुंद

विवाद के बाद गोलू रात्रे अपने साथियों अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे के साथ भुवनेश्वर को जबरन कार में बैठाकर महासमुंद जिले की ओर ले गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने महानदी किनारे सुनसान इलाके में युवक के साथ जमकर मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सबूत मिटाने रची साजिश

हत्या के बाद आरोपी घबरा गए। उन्होंने नांदगांव निवासी एक रिश्तेदार की मदद से महानदी किनारे टापूनुमा जगह पर गड्ढा खोदा और शव को रेत में दफना दिया, ताकि पुलिस को भनक न लगे।

पत्नी से आखिरी बातचीत बनी सुराग

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना की शाम भुवनेश्वर ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। इस दौरान उसने पार्षद गोलू रात्रे से भी पत्नी की बातचीत करवाई थी। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। तकनीकी जांच में युवक की आखिरी लोकेशन मंदिर हसौद क्षेत्र में मिली।

इसके बाद पुलिस ने उन लोगों को हिरासत में लिया, जिनके साथ भुवनेश्वर आखिरी बार देखा गया था। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

रेत में दफन शव बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम महासमुंद पहुंची और नांदगांव घाट के पास खुदाई करवाई गई। खुदाई में रेत के नीचे दफन भुवनेश्वर यादव का शव बरामद हुआ।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103, 238 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर पार्षद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !