गांव-गांव पहुंच रही धमतरी पुलिस, जनजागरूकता और निगरानी अभियान तेज

0

 गांव-गांव पहुंच रही धमतरी पुलिस, जनजागरूकता और निगरानी अभियान तेज


उत्तम साहू,धमतरी, 28 मई 2026। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने व्यापक जनजागरूकता एवं सघन निगरानी अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा गांव-गांव में बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को सुरक्षा, सतर्कता और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

थाना क्षेत्रों में आयोजित बैठकों में ग्राम प्रमुख, जनप्रतिनिधि, कोटवार, पटेल एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में आने वाले बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों, फेरीवालों एवं अनजान लोगों की जानकारी अनिवार्य रूप से मुसाफिरी रजिस्टर में दर्ज कराई जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दी जाए।



पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों की सूचना से अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, उन्हें उचित मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

बैठकों में सरपंचों एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों को मंदिर परिसरों की निगरानी, किराएदारों और फेरीवालों की जानकारी संकलित करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा गांवों में सूचना तंत्र को मजबूत करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही धमतरी पुलिस द्वारा साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति अभियान एवं यातायात नियमों को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक और विशेष रूप से APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने अनजान कॉल से सतर्क रहने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की। मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने के खतरों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

धमतरी पुलिस का कहना है कि जनसहभागिता और सामुदायिक सहयोग के माध्यम से अपराधों की रोकथाम तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !