बंगाल चुनाव में करारी हार से ममता बनर्जी का गुस्सा सातवें आसमान पर, शाम 4 बजे करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
बीजेपी की भगवा आंधी में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ताश की पत्तों की तरह उड़ गई। बीजेपी ने 206 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई। यहां तक की खुद भवानीपुर सीट से सीएम ममता बनर्जी को सुवेंदु अधिकारी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। बंगाल में मिली करारी हार से ममता बनर्जी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी आज शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भतीजे अभिषेक बनर्जी भी रहेंगे।
बता दें कि भवानीपुर विधानसभा सीट पर 4 मई को मतगणना के दौरान सखावत मेमोरियल काउंटिंग सेंटर पर जमकर बवाल देखने को मिला था। इस दौरान ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों पर आरोप लगाया था कि मुझे भी अंदर जाने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने सीआरपीएफ (CRPF) पर धक्का देने और मारपीट का आरोप लगाया था। उन्होंने भाजपा पर 100 से ज्यादा सीटें चोरी करने का आरोप भी लगाया था। साथ ही इलेक्शन कमीशन को BJP का कमीशन कहा था। इसे ही लेकर ममता बनर्जी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती हैं।
भवानीपुर सीट हारीं ममता बनर्जी
भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी चुनाव हार गईं है। बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से चुनाव हरा दिया है। अधिकारी को 20वें राउंड की काउंटिंग के बाद 73,917 वोट मिले। जबकि सीएम ममता बनर्जी को 58,812 वोट मिले।
भवानीपुर-नंदीग्राम में जीत के बाद बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस बार मैंने लगभग दस हजार वोटों से चुनाव जीता है। नंदीग्राम के हिंदू वोटर्स ने मुझे फिर से जीत दिलाई है। वहां मुस्लिमों के सारे वोट टीएमसी को मिले। मैं नंदीग्राम के हिंदुओं के लिए काम करूंगा। टीएमसी का अंत होगा। 24 घंटे के भीतर यह खत्म हो जाएगी, इसका सफाया हो जाएगा। इस भ्रष्ट, परिवारवादी पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है। हम वह काम करेंगे जो गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणापत्र में घोषित किया था और प्रधानमंत्री मोदी ने बार-बार आश्वासन दिया है। हम इसे पूरा करेंगे।

