5 जून को धमतरी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभाएं

0

 

5 जून को धमतरी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभाएं

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर होगा मंथन



उत्तम साहू,धमतरी। विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के अवसर पर धमतरी जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं का मुख्य उद्देश्य नवीन “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026” के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा करना तथा ग्रामीणों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सिविल अपील क्रमांक 6174/2023 में पारित आदेश के पालन में यह पहल की जा रही है। इस संबंध में कलेक्टर ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमतरी, कुरूद एवं नगरी तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जारी निर्देशों के अनुसार विशेष ग्राम सभाओं में “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026” से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। ग्राम सभाओं में स्वच्छ एवं सतत ग्राम विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रस्ताव एवं संकल्प पारित किए जाएंगे। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की अनुवादित प्रति का वाचन कर ग्रामीणों को नियमों एवं उनके महत्व की जानकारी दी जाएगी।

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम सभाओं में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य रूप से की जाए और उसे “ग्राम सभा निर्णय” (GS NIRNAY) मोबाइल एप में अपलोड किया जाए। इसके अलावा भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा विकसित एआई आधारित नवीन पोर्टल “सभासार” के माध्यम से ग्राम सभा की कार्यवाही विवरण तैयार किया जाएगा।

प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि ग्राम सभा से जुड़ी सभी गतिविधियों की जानकारी वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल एवं जीपीडीपी पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड की जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को ग्राम सभाओं के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करने तथा ग्रामीणों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित होगी और स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम निर्माण के लक्ष्य को नई मजबूती मिलेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !