प्यार, झूठ और कत्ल: महिला वकील की हत्या में प्रेमी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला वकील की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले महिला का गला दबाया, फिर चाकू से वार किया और पहचान मिटाने के लिए पत्थर से चेहरा तक कुचल दिया।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय आराधना सिदार के रूप में हुई है, जो जिला कोर्ट में जूनियर वकील थीं और जिला अधिवक्ता संघ की सदस्य भी थीं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लोकनाथ पटेल, जो पहले से शादीशुदा है, पिछले दो वर्षों से आराधना के साथ प्रेम संबंध में था।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी कहानी
बताया जा रहा है कि साल 2024 में दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। लेकिन रिश्ते में तनाव तब बढ़ा जब आराधना ने शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया। आरोपी लगातार उसे समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसने हत्या की साजिश रच डाली।
पहले घूमना, फिर मौत की ओर सफर
9 मई की रात दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई। अगले दिन सुबह लोकनाथ आराधना से मिलने पंजरी प्लांट पहुंचा और वहां से उसे लेकर सक्ती की ओर निकल गया। दोनों ने दमाउधारा मंदिर में समय बिताया और शाम को वापस लौटे।
इसके बाद आरोपी ने खाना पैक कराया और सक्ती थाना क्षेत्र के पास स्थित एक लॉज में कमरा लिया। लॉज के रजिस्टर में दोनों ने फर्जी नामों से पति-पत्नी बनकर एंट्री की। पुलिस के मुताबिक, रात में भी शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
जंगल में ले जाकर की खौफनाक हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से हत्या की तैयारी कर चुका था। उसने बाजार से सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा था। 10 मई को वह आराधना को तुमीडीह डैम के जंगल क्षेत्र में ले गया। वहां पहले गला दबाकर उसे बेहोश किया, फिर पत्थर से चेहरा कुचल दिया। जब उसे लगा कि युवती की सांसें अब भी चल रही हैं, तब उसने चाकू से उसका गला काट दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए युवती के कपड़े भी उतार दिए ताकि मामला किसी और दिशा में जाए।
दो दिन बाद जंगल में मिली लाश
12 मई को तुमीडीह डैम किनारे जंगल में युवती का शव अर्धनग्न हालत में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार जांच में जुटी थी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर 16 मई को आरोपी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब इस पूरे मामले में हत्या की योजना, घटनास्थल और आरोपी की गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

