कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के फरमान का असर, सांकरा में पीएम आवास हितग्राहियों की समीक्षा बैठक
उत्तम साहू,नगरी/सांकरा। धमतरी जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा हाल ही में धमतरी में आयोजित सचिवों की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का असर अब ग्राम पंचायतों में दिखाई देने लगा है।
इसी कड़ी में विकासखंड नगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन ग्राम पंचायत सचिव मदन सेन द्वारा किया गया, जिसमें आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ऐसे 12 आवास, जिनका निर्माण कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उनके हितग्राहियों को एक सप्ताह के भीतर प्लिंथ स्तर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं छत स्तर तक पहुंच चुके 51 आवासों के हितग्राहियों को आगामी एक सप्ताह के भीतर छबाई कार्य पूरा करने कहा गया।
इसके अलावा पंचायत सचिव ने सभी पूर्ण हो चुके आवासों में तत्काल वाटर हार्वेस्टिंग संरचना निर्माण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके और शासन की मंशा के अनुरूप टिकाऊ विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में हितग्राहियों को समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा शासन की योजनाओं का पूरा लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत स्तर पर लगातार निगरानी और समीक्षा किए जाने से अब प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

