सांकरा परिक्षेत्र में दो हाथियों की मौजूदगी से अलर्ट, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
उत्तम साहू
नगरी। धमतरी जिले के सांकरा वन परिक्षेत्र में इन दिनों दो हाथियों का विचरण लगातार जारी है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हाथियों की गतिविधि निर्राबेड़ा से घोरागांव के बीच देखी गई है, जिसके बाद आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वन विभाग ने घोरागांव, ठेनही, अरसीकन्हार, लीलांज, बोडरा, भोथली, निर्राबेड़ा, फरसिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल और हाथियों के संभावित मार्गों की ओर अकेले न जाएं तथा रात के समय अनावश्यक आवाजाही से बचें।
वन अमले द्वारा लगातार हाथियों की निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को मुनादी और सूचना माध्यमों के जरिए सतर्क किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके। विभाग ने कहा है कि हाथी सामान्य रूप से विचरण कर रहे हैं, लेकिन किसी प्रकार की छेड़छाड़ या नजदीक जाने की कोशिश खतरनाक हो सकती है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं हाथियों की मौजूदगी दिखाई दे तो तत्काल नजदीकी वनकर्मी या वन विभाग को सूचना दें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और बच्चों को अकेले जंगल या खेतों की ओर न भेजने की भी सलाह दी गई है।
ग्रामीणों से कहा गया है कि वे स्वयं सावधान रहें और अन्य लोगों को भी सतर्क करें, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति से बचा जा सके।

