युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और उद्योगपति मधुसूदन केला ने किया “मधुरिमा गुरुकुल” का अवलोकन
उत्तम साहू
धमतरी, 12 मई 2026। जिले के युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार नवाचारपूर्ण पहल कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं देश के प्रख्यात उद्योगपति और निवेशक श्री मधुसूदन केला ने ग्राम कोलियरी स्थित अंबुजा फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित किए जा रहे कौशल प्रशिक्षण केंद्र “मधुरिमा गुरुकुल” का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों, प्रयोगशालाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर कोर्स, रिटेल सेल्स मैनेजमेंट, इलेक्ट्रीशियन तथा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट से संबंधित क्लासरूम और लैब का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं युवाओं की सहभागिता की जानकारी ली।
उद्योगपति श्री मधुसूदन केला ने “मधुरिमा गुरुकुल” की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं को रोजगारपरक और व्यवहारिक प्रशिक्षण देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और अंबुजा फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने का यह प्रयास भविष्य के लिए प्रेरणादायी मॉडल साबित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में केंद्र में आधुनिक तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बताया कि “मधुरिमा गुरुकुल” के माध्यम से आसपास के गांवों के युवाओं को पूरी तरह निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शन और सहायता भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत युवाओं को सॉफ्ट स्किल, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और कार्यस्थल व्यवहार जैसे विषयों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे रोजगार के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, अंबुजा फाउंडेशन के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा उपस्थित रहे।



