अंतिम संस्कार पर विवाद: धर्मांतरण के आरोप से गरमाया गांव, पुलिस की समझाइश से टला टकराव

0

 

अंतिम संस्कार पर विवाद: धर्मांतरण के आरोप से गरमाया गांव, पुलिस की समझाइश से टला टकराव



कांकेर। भानुप्रतापपुर क्षेत्र के इरागांव में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर रविवार को अचानक विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। धर्मांतरण के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने गांव में अंतिम संस्कार का विरोध किया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया और संभावित विवाद टल गया।

जानकारी के मुताबिक, इरागांव निवासी गणेशिया नेताम का बीमारी के कारण निधन हो गया था। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे, तभी बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप था कि मृतका ने धर्म परिवर्तन कर लिया था, इसलिए गांव में परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार नहीं किया जाना चाहिए।

विरोध बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों से चर्चा की और शांति बनाए रखने की अपील की।

काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद मृतका के परिजन शव को दूसरे स्थान पर ले जाकर अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हो गए। इसके बाद मामला शांत हुआ और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

घटना के मद्देनजर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने सभी पक्षों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी जारी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !