नहावन कार्यक्रम में हादसा: तालाब में डूबने से युवक की मौत, दो दिन बाद मिला शव

0

 

नहावन कार्यक्रम में हादसा: तालाब में डूबने से युवक की मौत, दो दिन बाद मिला शव



उत्तम साहू,धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में नहावन कार्यक्रम के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रामसागर तालाब में नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया, जिसकी तलाश दो दिनों तक जारी रही। आखिरकार गोताखोरों की टीम ने युवक का शव तालाब से बरामद कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उमरदा निवासी 40 वर्षीय संतोष कंवर शनिवार को कुरूद नगर में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के बाद वह जलांजलि देने के लिए रामसागर तालाब गया। इसी दौरान नहाते समय वह अधिक गहराई में चला गया और डूबने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने युवक को डूबते हुए देखा, लेकिन वह कुछ ही क्षणों में पानी में ओझल हो गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सैनिकों के गोताखोरों की सहायता से खोजबीन शुरू कराई। शनिवार को कई घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

रविवार को गोताखोरों की टीम ने दोबारा तालाब में तलाश अभियान शुरू किया। लंबे प्रयास के बाद संतोष कंवर का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक संतोष कंवर राजमिस्त्री का कार्य करता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !