चायटपरी में महिला की गला रेतकर हत्या, बचाने पहुंचे पति-बेटे पर भी जानलेवा हमला

0

चायटपरी में महिला की गला रेतकर हत्या, बचाने पहुंचे पति-बेटे पर भी जानलेवा हमला

गरियाबंद में दिनदहाड़े सनसनी… होटल में मची चीख-पुकार, आरोपी ओडिशा भागने से पहले गिरफ्तार



गरियाबंद। गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चाय-नाश्ते के मामूली विवाद ने कुछ ही मिनटों में खूनी रूप ले लिया। एक सिरफिरे युवक ने होटल संचालिका महिला का धारदार ब्लेड से गला रेत दिया। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे पति और बेटे पर भी जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना देवभोग क्षेत्र के दीवानमुड़ा गांव की है। जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय छबिता यादव गांव में चाय-नाश्ते की छोटी टपरी चलाती थीं। बुधवार सुबह आरोपी देवी सिंह यादव होटल में नाश्ता करने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि नाश्ते के पैसे मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते आरोपी का गुस्सा खौफनाक हिंसा में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने अचानक ब्लेड निकालकर महिला की गर्दन पकड़ ली और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कुछ ही सेकंड में महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। होटल के भीतर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जब महिला के पति पूरित राम यादव और बेटे बचाने दौड़े तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में पति के पेट और बेटे हेमंत यादव की गर्दन पर गंभीर चोट आई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पति और बेटे का इलाज जारी है।

ओडिशा भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद ओडिशा भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

गांव में मातम और दहशत

दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक घटना के बाद दीवानमुड़ा गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी भयावह वारदात नहीं देखी। लोगों ने आरोपी को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। गांव की चहल-पहल वाली चाय टपरी अब मातम और सन्नाटे में बदल चुकी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !