🔷 एसपी धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार ने राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था एवं बेसिक पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ बनाने दिए कड़े निर्देश
🔷 खात्मा प्रकरण, बीट प्रणाली, साइबर अपराध, सुशासन तिहार, सामुदायिक पुलिसिंग एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा
🔷 “बेसिक पुलिसिंग को मजबूत कर आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक बढ़ाएं” – एसपी धमतरी
उत्तम साहू
धमतरी 24 मई 2026 पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा पुलिस महानिदेशक महोदय के निर्देशानुसार जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, बेसिक पुलिसिंग, लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं जनविश्वास आधारित पुलिसिंग को लेकर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार वाहनों एवं ईंधन की मितव्ययता को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारियों को भौतिक रूप से उपस्थित न बुलाकर केवल राजपत्रित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिससे प्रशासनिक दक्षता एवं संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में खात्मा प्रकरणों, लंबित अपराध एवं मर्ग प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, बीट प्रणाली की प्रभावशीलता, साइबर अपराधों पर त्वरित कार्यवाही, यातायात व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग, सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण एवं विभागीय अनुशासन सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी ने खात्मा प्रकरणों की बढ़ती संख्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए थाना एवं चौकी स्तर पर खात्मा डायरियों का भौतिक सत्यापन कर पुनः गणना कराने के निर्देश दिए। साथ ही गुम डायरियों की तलाश हेतु न्यायालय, जिला पुलिस कार्यालय एवं अनुविभागीय कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
बीट प्रणाली को पुलिसिंग की आधारशिला बताते हुए उन्होंने नियमित ग्राम भ्रमण, ग्राम प्रमुखों एवं वरिष्ठ नागरिकों से सतत संवाद तथा बीट कर्मचारियों की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही की जाए तथा मामलों को बिना विलंब साइबर थाने भेजा जाए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर जांच एवं तकनीकी कार्यवाही हेतु प्रशिक्षित करने पर जोर दिया गया।
सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर भी निर्देश दिए गए कि पुलिस की उपलब्धियां, जनजागरूकता अभियान एवं महत्वपूर्ण कार्यवाहियों को व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाया जाए, जिससे पुलिस की सकारात्मक छवि और जनविश्वास मजबूत हो।
सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नियम विरुद्ध मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन पर सख्त कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, उप पुलिस अधीक्षक अजाक/यातायात मोनिका मरावी एवं एसजेपीयू धमतरी उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।


