रुद्रेश्वर धाम बनेगा आस्था, संस्कृति और आधुनिक पर्यटन का भव्य केंद्र

0

 

रुद्रेश्वर धाम बनेगा आस्था, संस्कृति और आधुनिक पर्यटन का भव्य केंद्र

20 करोड़ की लागत से संवरेगा रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर, धमतरी को मिलेगी नई पहचान



उत्तम साहू,धमतरी, 24 मई 2026। धमतरी शहर से लगे ग्राम रुद्री स्थित प्राचीन रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की समग्र कॉरिडोर परियोजना तैयार की गई है। यह परियोजना तीन चरणों में पूरी की जाएगी, जिसका उद्देश्य क्षेत्र को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

परियोजना में पारंपरिक भारतीय मंदिर स्थापत्य कला और आधुनिक अधोसंरचना का सुंदर समन्वय किया जाएगा। मंदिर के मुख्य स्वरूप को शिखर, त्रिशूल, ॐ प्रतीक, तोरण द्वार, नंदी प्रतिमा, दीप स्तंभ एवं पत्थर आधारित पारंपरिक शिल्प शैली से भव्य रूप दिया जाएगा। विशेष बात यह है कि मौजूदा मंदिर संरचना को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना विकास कार्य किए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौड़े पैदल मार्ग, विश्राम क्षेत्र, प्रसाद एवं स्मृति दुकानें, फूड कोर्ट, डिजिटल सूचना प्रणाली, स्वास्थ्य केंद्र, एआई आधारित हेल्थ चेकअप कियोस्क, स्वच्छ शौचालय और दिव्यांगजन अनुकूल रैम्प जैसी सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही घाट क्षेत्र को सुरक्षित बनाते हुए रेलिंग युक्त विसर्जन कुंड और बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी।

परियोजना में गार्डन, सांस्कृतिक मंडप, रिवर फ्रंट कॉटेज, ओपन एयर मंच और भविष्य में मेरीन ड्राइव विकसित करने की अवधारणा भी शामिल है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सौर ऊर्जा आधारित पार्किंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन, वर्षा जल संचयन, हरित क्षेत्र विकास और अपशिष्ट प्रबंधन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएँ भी प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परियोजना आस्था, पर्यटन और स्थानीय विकास को नई दिशा देगी तथा धमतरी को धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाएगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने इसे भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक अधोसंरचना का उत्कृष्ट समन्वय बताया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि रुद्रेश्वर धाम को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह परियोजना धमतरी की धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई देगी और स्थानीय व्यापार व रोजगार को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !