मरवाही के जंगल में दिखा दुर्लभ सफेद भालू, हमले से ग्रामीणों में दहशत
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल क्षेत्र से एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आमादांड गांव के जंगलों में एक सफेद भालू दिखाई देने से इलाके में सनसनी फैल गई है। काले भालुओं के बीच नजर आए इस दुर्लभ भालू को देखने ग्रामीणों की भीड़ उमड़ रही है, वहीं उसके हमले के बाद लोगों में भय का माहौल भी बन गया है।
जानकारी के मुताबिक, जंगल की ओर गए स्थानीय निवासी लल्लू ड्राइवर पर सफेद भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में उसके हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार यह कोई अलग प्रजाति का भालू नहीं है, बल्कि “एल्बिनिज्म” नामक दुर्लभ आनुवंशिक स्थिति के कारण उसका रंग सफेद दिखाई दे रहा है। सामान्यतः भालू काले रंग के होते हैं, लेकिन जीन परिवर्तन की वजह से शरीर में रंगद्रव्य की कमी होने पर उनका रंग सफेद हो जाता है। ऐसे वन्यजीव बहुत कम देखने को मिलते हैं।
घटना के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। जंगल से लगे गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है। वन अमला लगातार भालू की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।
ग्रामीणों में इस दुर्लभ सफेद भालू को लेकर कौतूहल भी है और डर भी। इलाके में अब यह चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

