नगरी..जरा सी बारिश से बस स्टैंड में जलभराव से यात्री और दुकानदार परेशान
उत्तम साहू नगरी : नगर में बुधवार को हुई महज पांच से दस मिनट की बारिश ने ही बस स्टैंड क्षेत्र की व्यवस्था की पोल खोल दी। हल्की बारिश के बाद बस स्टैंड परिसर और आसपास के हिस्सों में पानी भर गया, जिससे यात्रियों, राहगीरों और दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण लोगों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच आवाजाही करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड में हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है। मुख्य समस्या पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होना बताया जा रहा है। मुख्य कारण पानी के बहाव का रास्ता बाधित रहने के कारण थोड़ी सी बारिश में भी पानी सड़कों और दुकानों के सामने जमा हो जाता है।
बारिश के दौरान बसों से उतरने वाले यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगह पानी भर जाने से यात्री सुरक्षित स्थान तलाशते नजर आए। वहीं दुकानदारों ने भी चिंता जताते हुए कहा कि यदि लगातार बारिश हुई तो दुकानों में पानी घुसने का खतरा बना रहेगा, जिससे सामान खराब हो सकता है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने नगर प्रशासन से जल्द जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश का मौसम अभी शुरू नहीं हुआ है और यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
लोगों ने बस स्टैंड क्षेत्र की नालियों की सफाई, पानी निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था तथा सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों और दुकानदारों को राहत मिल सके।

