गणेश चौक विवाद में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों पक्षों पर दर्ज हुए काउंटर केस
उत्तम साहू 14 मई 2026
धमतरी। शहर के गणेश चौक इलाके में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद ने बुधवार रात हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में मारपीट, हंगामा और ज्वलनशील केमिकल फेंके जाने की घटना सामने आई है। मामले में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद धमतरी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के गणेश चौक में हुई। प्रथम पक्ष के शिकायतकर्ता विजय उर्फ मोनू सोनकर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पत्नी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से बातचीत को लेकर उसे संदेह था। इसी संबंध में पूछताछ करने वह अपने साथियों के साथ दूसरे पक्ष के घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान सूरज कसार ने घर में रखा पीतल साफ करने वाला ज्वलनशील केमिकल बाहर लाकर सामने मौजूद लोगों पर फेंक दिया। इस घटना में विनय गौली और बीच-बचाव करने पहुंचे लक्की बावने गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक घायल को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।
इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 127/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे पक्ष के सागर कसार ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग लाठी-डंडा और रॉड लेकर उनके घर पहुंचे, घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट होने के बाद केमिकल पदार्थ फेंका गया।
दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। घटना में घायल अन्य लोगों का उपचार जारी है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद या संदेह की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

