नगर पंचायत नगरी की अनूठी पहल, पेंटिंग के क्षेत्र में प्रतिभा निखारने युवाओं को मिलेगा मंच
उत्तम साहू
नगरी। नगर पंचायत नगरी द्वारा क्षेत्र के युवा कलाकारों और छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। नगर पंचायत ने निकाय क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक और कलात्मक स्वरूप देने के लिए पेंटिंग अभियान शुरू किया है, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
नगर पंचायत द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पेंटिंग में रुचि रखने वाले इच्छुक छात्र-छात्राएं 14 मई 2026 को सुबह 10 बजे नगर पंचायत नगरी कार्यालय पहुंचकर संपर्क कर सकते हैं। इस अभियान के माध्यम से सार्वजनिक दीवारों और स्थानों को सुंदर चित्रकारी से सजाया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ युवाओं की रचनात्मकता को भी नई पहचान मिलेगी।
नगर पंचायत ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए आवश्यक पेंट और अन्य सामग्री कार्यालय की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कलाकार बिना किसी परेशानी के अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें। साथ ही उत्कृष्ट चित्रकारी करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे युवाओं को अपनी कला दिखाने का मंच मिलेगा और नगर क्षेत्र को भी नया आकर्षक स्वरूप प्राप्त होगा। कला और स्वच्छता को जोड़ने वाली यह पहल नगर में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में भी मददगार साबित होगी।
नगर पंचायत ने अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं और कला प्रेमियों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए संपर्क नंबर 8839400855 जारी किया गया है।

