कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल : धमतरी में शुरू होगी वाटर एंबुलेंस सेवा
डूबान और दुर्गम क्षेत्रों के ग्रामीणों को मिलेगा त्वरित उपचार, आपात स्थिति में बनेगी जीवनरक्षक सुविधा
उत्तम साहू,धमतरी। जिले के डूबान और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को अब आपातकालीन परिस्थितियों में राहत मिलने जा रही है। कलेक्टर की पहल पर जिला प्रशासन, रेडक्रॉस सोसायटी तथा जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले में जल्द ही वाटर एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी।
इस अभिनव सेवा का उद्देश्य जलभराव, नदी-नालों अथवा आवागमन बाधित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी।
वाटर एंबुलेंस में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके माध्यम से मरीजों को सुरक्षित तरीके से निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले के दूरस्थ एवं डूबान क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि वाटर एंबुलेंस सेवा के जरिए जरूरतमंद ग्रामीणों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा तथा आपदा और आपातकालीन स्थितियों में जनहानि कम करने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन ने इस सेवा को प्रभावी बनाने के लिए विशेष प्रोत्साहन व्यवस्था भी लागू की है। प्रत्येक सफल रेस्क्यू और मरीज को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने पर संबंधित दल एवं सहयोगियों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे सेवा में लगे कर्मचारियों और सहयोगियों का उत्साह बढ़ेगा तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।
जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर इस सुविधा का लाभ लें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य विभाग या जिला प्रशासन को सूचना दें।

