ऑनलाइन आईपीएल सट्टे पर धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

0

 

ऑनलाइन आईपीएल सट्टे पर धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार



उत्तम साहू,धमतरी। 22 मई2026 आईपीएल सट्टेबाजी और ऑनलाइन जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल एप और ऑनलाइन लिंक के जरिए क्रिकेट मैचों में हार-जीत का दांव लगवाकर अवैध सट्टा कारोबार चला रहा था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन आईपीएल बेटिंग के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान गोल बाजार क्षेत्र में मौजूद थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को मौके से पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप ओटवानी उर्फ जागरा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह “ALL PANNALE Exch” नामक ऑनलाइन लिंक और मोबाइल एप के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैचों में हार-जीत का दांव लगवा रहा था। आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए आईडी और पासवर्ड का उपयोग कर रहा था तथा यूपीआई और फोन-पे के माध्यम से पैसों का लेनदेन किया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए संबंधित खातों में लगभग 49 हजार 990 रुपये ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वन प्लस 11 मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें जियो और एयरटेल के सिम कार्ड लगे हुए थे। जब्त मोबाइल की कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मोबाइल से मिले ऑनलाइन लिंक, आईडी, पासवर्ड, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच में शामिल कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !