धमतरी..बंद फल दुकान में मिला ऑटो चालक का शव, अंबेडकर चौक इलाके में फैली सनसनी
मृतक की पहचान मकेश्वर वार्ड निवासी शेख जमील खान के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों ने बंद दुकान के भीतर युवक को संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और लोगों में दहशत एवं उत्सुकता का माहौल बना हुआ है।

