दरिंदगी की हद पार: दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या, फटे कपड़ों में मिली लाश से मचा हड़कंप
कवर्धा। जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका के कपड़े फटे हुए मिले हैं, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना कवर्धा थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव के पास की है। रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। साथ ही उसके कपड़े भी फटे हुए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले महिला के साथ जबरदस्ती की गई और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
फिलहाल मृतिका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की फोटो के आधार पर पहचान करने की कोशिश कर रही है। वहीं, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है, ताकि महिला की पहचान हो सके।
कबीरधाम पुलिस इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी से जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

