पैसों के विवाद ने लिया खूनी मोड़, बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या

0

 

पैसों के विवाद ने लिया खूनी मोड़, बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या



धमतरी जिले के भखारा नगर पंचायत में बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार रात हत्या की वारदात में बदल गया। महावीर चौक के पास खड़े एक बुजुर्ग पर तीन युवकों ने हमला कर दिया, जिसमें गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, अनंतु निर्मलकर के नाती साहिल निर्मलकर ने कुछ समय पहले चीकू दीवान की बाइक चलाने के लिए ली थी। इसी दौरान बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद मरम्मत में करीब 24 हजार रुपए खर्च आए। साहिल ने 5 हजार रुपए चुका दिए थे, लेकिन बाकी रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम अनंतु निर्मलकर भखारा के महावीर चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और मरम्मत के पैसों को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान शिवम साहू ने धारदार चाकू से अनंतु निर्मलकर के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले भखारा अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 10:15 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर एक आरोपी चीकू दीवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवम साहू और राहुल कंवर फरार बताए जा रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि बाइक दुर्घटना के बाद मरम्मत खर्च को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !