गर्भ में पल रही जिंदगी भी नहीं बची: पति बना हैवान, पत्नी की बेरहम हत्या कर हुआ फरार
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। मणिपुर थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को ऐसी दर्दनाक मौत दी, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। महिला तीन माह की गर्भवती थी, लेकिन आरोपी की दरिंदगी ने मां के साथ गर्भ में पल रहे मासूम की भी जिंदगी छीन ली। घटना की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। पत्थर और लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद वही पति घायल पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन जैसे ही महिला की मौत हुई, आरोपी शव छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस हत्याकांड की भयावहता और बढ़ा दी। डॉक्टरों को महिला के शरीर पर 18 से ज्यादा गंभीर चोटों के निशान मिले। वहीं महिला के प्राइवेट पार्ट से करीब 10 सेंटीमीटर लंबा लोहे का रेतीनुमा औजार बरामद हुआ, जिससे पुलिस भी स्तब्ध रह गई।
इस दर्दनाक घटना की सबसे बड़ी गवाह दंपति की 5 वर्षीय बेटी बनी। मासूम बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां को उसके सामने ही बेरहमी से पीटा। डर और चीखों के बीच बच्ची सहमी हुई एक कोने में दुबकी रही।
बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन रिश्ते का अंत इतनी खौफनाक वारदात में होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

