प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में धमतरी ने रचा कीर्तिमान, प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान
उत्तम साहूधमतरी, 8 मई 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के प्रभावी क्रियान्वयन में धमतरी जिले ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए प्रदेश स्तरीय जिला समग्र रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पारदर्शी कार्यप्रणाली, समयबद्ध निर्माण, सतत मॉनिटरिंग और जनसहभागिता के दम पर जिले ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
यह सफलता जिला प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनप्रतिनिधियों, जनपद एवं ग्राम पंचायतों, मैदानी अमले तथा ग्रामीण हितग्राहियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। योजना के तहत जिले में पात्र ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं स्थायी आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
जारी समग्र रैंकिंग में आवास निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्ध पूर्णता, जियो टैगिंग, हितग्राही आधारित मॉनिटरिंग, किस्त भुगतान तथा ऑनलाइन प्रविष्टियों के बेहतर निष्पादन जैसे मानकों के आधार पर धमतरी ने पूरे छत्तीसगढ़ में शीर्ष स्थान हासिल किया।
42 हजार से अधिक आवासों का लक्ष्य
वर्ष 2024-26 के अंतर्गत जिले को कुल 42 हजार 318 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके विरुद्ध अब तक 41 हजार 303 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 40 हजार 640 हितग्राहियों को प्रथम किश्त का भुगतान किया गया है।
वर्तमान में जिले में 38 हजार 990 आवास निर्माणाधीन हैं तथा 37 हजार 247 हितग्राहियों को द्वितीय किश्त जारी की जा चुकी है। अब तक कुल 29 हजार 35 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 68.6 प्रतिशत है। वहीं शेष 13 हजार 283 आवास विभिन्न चरणों में निर्माणाधीन हैं।
सतत मॉनिटरिंग और नवाचार का मिला लाभ
योजना के प्रभावी संचालन के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक नियमित समीक्षा, तकनीकी मार्गदर्शन और मैदानी अधिकारियों की सतत निगरानी सुनिश्चित की गई। हितग्राहियों को समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए लगातार प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा नवाचार आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था अपनाते हुए प्रगति की दैनिक समीक्षा की गई, जिससे निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय तेजी आई और गुणवत्ता भी सुनिश्चित हो सकी।
कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व प्रदान करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिले का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार को गुणवत्तापूर्ण आवास समय पर उपलब्ध कराया जाए और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कलेक्टर ने इस उपलब्धि के लिए जिला पंचायत, सभी जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं मैदानी कर्मचारियों को बधाई दी।
वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सतत फील्ड मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा बैठकें एवं तकनीकी समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया। हितग्राहियों को निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया, जिससे आवास निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति संभव हो सकी।
धमतरी जिले की यह उपलब्धि अब प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया है।

