छत्तीसगढ़ में बढ़ा गर्मी का कहर, कई जिलों में लू का अलर्ट

0

 

छत्तीसगढ़ में बढ़ा गर्मी का कहर, कई जिलों में लू का अलर्ट

स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी- दोपहर की धूप से बचें, पानी और ओआरएस का सेवन बढ़ाएं



रायपुर। छत्तीसगढ़ में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड छू रहा है। भीषण गर्मी और तेज तपिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। अलर्ट में बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर और राजनांदगांव जिले शामिल हैं। बढ़ती गर्म हवाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इधर, कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी  ने लू से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकती है। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत दोपहर की धूप में बाहर न निकलें। बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढंककर निकलें और हल्के सूती कपड़े पहनें। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए लगातार पानी, छाछ, लस्सी, नींबू पानी, ओआरएस और आम पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करते रहें।

लू लगने के ये हो सकते हैं संकेत

विशेषज्ञों के अनुसार तेज सिरदर्द, चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी, शरीर में ऐंठन, ज्यादा पसीना आना या बेहोशी जैसी स्थिति लू के गंभीर लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में मरीज को तुरंत छांव वाली जगह पर लिटाएं, कपड़े ढीले करें और ठंडे पानी की पट्टी रखें। साथ ही पानी या ओआरएस पिलाकर जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी सलाह दी है कि खाली पेट धूप में न निकलें, बासी और ज्यादा मसालेदार भोजन से बचें तथा कूलर या एसी से निकलते ही सीधे तेज धूप में जाने से परहेज करें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सावधानी बरतें और खुद के साथ परिवार को भी लू के खतरे से सुरक्षित रखें।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !