दवा व्यापार बंद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
20 मई को अस्पताल, जन औषधि केन्द्र और जरूरी मेडिकल सेवाएं रहेंगी चालू
उत्तम साहू,धमतरी, 18 मई 2026। जिले में 20 मई को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मरीजों और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सहायक औषधि नियंत्रक को निर्देशित किया है कि जिले में आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों, आपातकालीन स्वास्थ्य उत्पादों और चिकित्सकीय सामग्री की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखी जाए। साथ ही जिले के सभी शासकीय अस्पताल, निजी नर्सिंग होम, अस्पताल फार्मेसी, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र और श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स नियमित रूप से खुले रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति सेवाएं और अन्य जरूरी उपचार सेवाएं पूर्ववत संचालित होती रहेंगी। स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त दवा भंडारण और आवश्यक चिकित्सकीय सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत पड़ने पर निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था या अधिकृत मेडिकल स्टोर से संपर्क करें।
वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों से आग्रह किया है कि नियमित उपयोग में आने वाली दवाइयां और जीवन रक्षक औषधियां डॉक्टर की पर्ची के आधार पर समय रहते प्राप्त कर लें। विशेष रूप से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और बच्चों के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने धमतरी जिला औषधि विक्रेता संघ और मेडिकल स्टोर्स संचालकों से भी अपील की है कि वे जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दवाओं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग करें।

