सुशासन तिहार में धमतरी को मिली विकास की नई उड़ान

0

 सुशासन तिहार में धमतरी को मिली विकास की नई उड़ान

ड्रीम कॉरिडोर से खुलेगा उद्योग, पर्यटन और रोजगार का नया अध्याय


उत्तम साहू,धमतरी, 18 मई 2026। सुशासन तिहार-2026 के अवसर पर धमतरी जिले को विकास की नई पहचान मिली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के साथ बहुप्रतीक्षित “धमतरी ड्रीम कॉरिडोर” की शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री वीडियो का विमोचन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।


मुख्यमंत्री श्री साय ने ड्रीम कॉरिडोर को छत्तीसगढ़ के विकास विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि यह परियोजना उद्योग, पर्यटन, कृषि आधारित गतिविधियों और युवाओं के रोजगार को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में अधोसंरचना, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है तथा धमतरी आने वाले समय में प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक और पर्यटन केंद्र बनकर उभरेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रीम कॉरिडोर केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि धमतरी के उज्ज्वल भविष्य की व्यापक विकास परिकल्पना है। इसके माध्यम से जिले को आधुनिक उद्योग, बेहतर कनेक्टिविटी, पर्यटन विस्तार और हरित विकास से जोड़ा जा रहा है।


परियोजना के अंतर्गत जिले में इंडस्ट्रियल साइट, औद्योगिक क्लस्टर और आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। लगभग 5 हजार करोड़ रुपये के संभावित निवेश से 6 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है। वर्तमान में पशुपति फीड, गणेश गुलाल, फायर वर्क उद्योग, खादी उद्योग, सीड प्रोसेसिंग यूनिट, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, फूड पार्क, वनोपज मार्केट, होलसेल मार्केट, सब्जी मार्केट, बीपीओ सेंटर, को-वर्किंग स्पेस और स्किल सेंटर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ हो चुके हैं।


इसके अलावा हाला इलेक्ट्रिक व्हीकल इकाई, हॉकिंस प्रेशर कुकर इकाई और टेक्सटाइल यूनिट की स्थापना के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। परियोजना में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सौर ऊर्जा, बायोगैस प्लांट और हरित विकास आधारित गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।


धमतरी ड्रीम कॉरिडोर की सबसे बड़ी ताकत इसकी मजबूत कनेक्टिविटी मानी जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क और भारतमाला परियोजना के सड़क मार्ग जिले को अन्य राज्यों से जोड़ रहे हैं। वहीं रेल सेवा शुरू होने से व्यापार और परिवहन को नई गति मिली है। रायपुर एयरपोर्ट की निकटता भी धमतरी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संपर्क प्रदान करेगी।


परियोजना के तहत जिले के पर्यटन स्थलों को भी आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा। गंगरेल बांध, सिहावा स्थित महानदी उद्गम क्षेत्र, रूद्रेश्वर कॉरिडोर और प्रस्तावित इको टूरिज्म विलेज को बेहतर सड़क संपर्क और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि ड्रीम कॉरिडोर परियोजना जिले की संभावनाओं को नई पहचान देने वाली महत्वाकांक्षी पहल है। जिला प्रशासन निवेश, अधोसंरचना विकास, पर्यटन संवर्धन और युवाओं के कौशल विकास को एकीकृत दृष्टिकोण से आगे बढ़ा रहा है।


कार्यक्रम में प्रस्तुत शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री वीडियो में जिले के भावी विकास मॉडल, औद्योगिक संभावनाओं, पर्यटन विस्तार और आधुनिक अधोसंरचना की रूपरेखा को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !