बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे मासूम, डंगाल गिरने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत
आंधी बारिश के बीच उजड़ गई तीन परिवारों की खुशियां
ज्ञान शंकर तिवारी
पाली (कोरबा)। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत पहाड़ गांव में शनिवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन आदिवासी बच्चों पर पेड़ की भारी डंगाल गिर गई, जिससे तीनों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। ग्राम पंचायत पहाड़ गांव के आश्रित बाइसेमार मोहल्ले में रहने वाले कमलेश कुमार, दिनेश तिर्की और शिव टेकाम घर के पास खेल रहे थे। बारिश से बचने के लिए तीनों बच्चे पास के एक बड़े पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।
इसी दौरान तेज हवा के चलते पेड़ की एक विशाल डंगाल टूटकर सीधे बच्चों के ऊपर आ गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों बच्चे डंगाल के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाने लगे।
बताया गया कि एक बच्चे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य बच्चों की मौत उपचार के दौरान हो गई। चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मृतक परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। यह दर्दनाक घटना खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने के खतरों को भी उजागर करती है।

