गरियाबंद में गिरी आसमानी आफत: खेत से झोपड़ी तक भागा परिवार, बिजली ने छीन ली एक जिंदगी
गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत पीटापारा गांव में मौसम की मार एक परिवार पर भारी पड़ गई। खेत में काम कर रहे परिवार के सदस्य बारिश और गरज-चमक से बचने के लिए जिस झोपड़ी में शरण लेने पहुंचे, वही कुछ ही पल बाद मौत का ठिकाना बन गई। अचानक गिरी आकाशीय बिजली ने 33 वर्षीय ओमप्रकाश ध्रुव की जान ले ली, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए।
बताया जा रहा है कि चारों लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। खुद को सुरक्षित समझते हुए सभी पास की झोपड़ी में जा पहुंचे, लेकिन तभी तेज धमाके के साथ बिजली सीधे झोपड़ी पर आ गिरी।
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक तीनों घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे उच्च उपचार के लिए रेफर किया गया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पीटापारा गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

