अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता : कलेक्टर

0

 

अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता : कलेक्टर




उत्तम साहू,धमतरी, 15 मई 2026। जिले में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ और ईंधन की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने आमजनों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अपने-अपने क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर आवश्यकतानुसार कार्यपालिक दण्डाधिकारी एवं फूड इंस्पेकर्स की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।

प्रशासन के अनुसार कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ईंधन एवं घरेलू गैस की कमी संबंधी अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिसके चलते पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ जमा हो रही है। इससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा एलपीजी गैस की भी कोई कमी नहीं है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पेट्रोल पंपों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमले को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलेवासियों से अपील करते हुए कलेक्टर ने कहा कि लोग आवश्यकता के अनुरूप ही ईंधन एवं गैस की खरीद करें और अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि गलत एवं भ्रामक जानकारी फैलाने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !