कसावाही में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन गंभीर : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

0

 

कसावाही में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन गंभीर : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
ग्रामीणों ने गर्मी में धान की खेती नहीं करने का लिया सामूहिक संकल्प



उत्तम साहू,धमतरी, 09 मई 2026। जिले के ग्राम कसावाही में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर आज सुबह धमतरी विकासखंड के ग्राम कसावाही पहुंचे और गांव की पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गांव के बरगद और नीम के पेड़ों की छांव में ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि गांव में बीते कुछ दिनों से पेयजल संकट की जानकारी मिलने पर प्रशासन द्वारा तत्काल बोर खनन का कार्य कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल अस्थायी समाधान है और दीर्घकालिक व्यवस्था के तहत पाइपलाइन विस्तार एवं अन्य आवश्यक कार्यों की योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में गांव की पेयजल समस्या का स्थायी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।



ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने जल संरक्षण और भू-जल स्तर बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसानों से अपील की कि आगामी वर्षों में ग्रीष्मकालीन धान की खेती से बचें, क्योंकि अत्यधिक जल दोहन के कारण भू-जल स्तर लगातार गिर रहा है, जिससे पेयजल संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि “जल बचाना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है।”

कलेक्टर की अपील पर उपस्थित ग्रामीणों और किसानों ने अगले वर्ष से गर्मी में धान की खेती नहीं करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का सामूहिक संकल्प लिया। इस पहल की सराहना करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों का आभार जताया और इसे गांव के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर मुर्गीपालन, बकरीपालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने इच्छुक महिलाओं को व्यक्तिगत स्तर पर भी स्वरोजगार गतिविधियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसानों को गर्मी में धान के स्थान पर सब्जी-भाजी, रागी तथा औषधीय फसलों जैसी कम पानी वाली वैकल्पिक खेती अपनाने की सलाह दी।

गांव की साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण को देखकर कलेक्टर ने ग्रामीणों की सराहना की तथा स्वच्छता सम्मान राशि भी भेंट की। इसके अलावा उन्होंने ग्राम पंचायत भवन और स्कूल भवन में निर्माणाधीन शेड कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी , एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !