नगरी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने मुख्यमंत्री के सामने रखीं करोड़ों की मांगें
उत्तम साहू,धमतरी। सुशासन तिहार के तहत धमतरी कृषि उपज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में नगरी नगर पंचायत के विकास की गूंज सुनाई दी। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हेलीपैड पर आत्मीय स्वागत करते हुए नगर के अधोसंरचना विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों का मांग पत्र सौंपा।
अध्यक्ष छाबड़ा ने नगर की सबसे बड़ी आवश्यकता मानी जा रही बजरंग चौक से हरदीभाटा चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण के लिए 34 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति की मांग रखी। इसके अलावा खेल मैदान में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 1 करोड़ 13 लाख रुपए, सिहावा रोड स्थित वार्ड क्रमांक 12 में नवीन बस स्टैंड निर्माण हेतु 1 करोड़ 18 लाख रुपए तथा गांधी सागर एवं गुढ़ियारी तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की गई।
नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी कई अहम प्रस्ताव दिए गए। मंडी रोड गौरव पथ के डामरीकरण, आंगनबाड़ी से बड़े पुलिया तक टू-लेन सड़क निर्माण और दरियारा तालाब से सिहावा रोड तक नई सड़क निर्माण की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। वहीं वार्ड क्रमांक 1 से 8 तक बड़े झाड़ जंगल क्षेत्र में निवासरत हितग्राहियों को पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग भी रखी गई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह, श्रवण मरकाम, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रकाश बैस, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सारवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंच से जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस भरोसे के बाद नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से नगरी नगर में यातायात, आवास, खेल, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा तथा नगर को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा।

