गरियाबंद-धमतरी समेत 4 जिलों में येलो अलर्ट जारी, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग (IMD) ने गरियाबंद, धमतरी समेत प्रदेश के चार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान तेज आंधी और हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। साथ ही कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक येलो अलर्ट खतरे की पहली चेतावनी होती है। इसका अर्थ है कि मौसम सामान्य से थोड़ा खराब हो सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। हालांकि स्थिति अत्यधिक गंभीर नहीं होती, लेकिन लापरवाही नुकसानदायक साबित हो सकती है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसान भी खेतों में काम करते समय सावधानी बरतें। तेज गर्मी और लू को देखते हुए दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि आंधी-तूफान के साथ मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

.jpg)