नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका बनाने उठी जनआवाज

0

 नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका बनाने उठी जन आवाज

सुशासन तिहार में सर्वाधिक आवेदन, नगरवासियों ने की नगर पालिका बनाने की मांग


उत्तम साहू 

नगर पंचायत नगरी में आयोजित मुख्यमंत्री सुशासन तिहार के दौरान नगरवासियों द्वारा नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका परिषद बनाए जाने की मांग जोर-शोर से उठाई गई। शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक आवेदन नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका में उन्नयन किए जाने से संबंधित प्राप्त हुए हैं।


नगरवासियों का कहना है कि नगरी नगर पंचायत तेजी से विकसित हो रहा है तथा नगर का स्वरूप निरंतर शहरी रूप धारण करता जा रहा है। धमतरी जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर स्थित नगरी क्षेत्र लगभग 45 किलोमीटर की परिधि में सबसे बड़ा एवं प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। आसपास के अनेक गांवों एवं क्षेत्रों का मुख्य केंद्र नगरी ही है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचते हैं।


क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, बाहरी निवेशकों द्वारा व्यापारिक गतिविधियों में रुचि, उद्योग एवं फैक्ट्री स्थापना की संभावनाएं तथा सिहावा क्षेत्र का पर्यटन हब के रूप में तेजी से विकसित होना नगरी के महत्व को और बढ़ा रहा है। ऐसे में नगरवासियों ने बेहतर सड़क, सफाई, पेयजल, बाजार व्यवस्था, रुकने हेतु होटल-रेस्टोरेंट, चौपाटी, खेल मैदान एवं आधुनिक बस स्टैंड जैसी सुविधाओं के विस्तार हेतु नगर पालिका बनाए जाने की आवश्यकता बताई है।


नगर पंचायत नगरी द्वारा नगर पालिका बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि बहुत जल्द प्रस्ताव जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य शासन को राजपत्र प्रकाशन हेतु प्रेषित किया जाएगा।


भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस एवं पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय किसान मोर्चा मंत्री पिंकी शिवराज शाह श्रवण मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सारवा जनपद अध्यक्ष महेश गोटा नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा तथा उपाध्यक्ष विकास बोहरा सहित जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों द्वारा नगर पालिका बनाए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।


नगरवासियों का मानना है कि नगर पालिका बनने के बाद नगरी में बड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आधुनिक बस स्टैंड, खेल मैदान, तालाबों का सौंदर्यीकरण, पर्यटन विकास, चौपाटी निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। इससे नगरी क्षेत्र आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !