मौत बनकर दौड़ी पिकअप!
CCTV में कैद हुआ मगरलोड का खौफनाक हादसा, सड़क पर तड़पते ही थम गई युवक की सांस
उत्तम साहू
मगरलोड। धमतरी जिले के मगरलोड-मेघा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद युवक सड़क पर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इस भयावह हादसे की पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार पिकअप अचानक बाइक सवार को अपनी चपेट में लेती है और कुछ ही सेकंड में युवक की जिंदगी खत्म हो जाती है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं सीसीटीवी फुटेज अब जांच का अहम आधार माना जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

