सुशासन तिहार में उठा अवैध गतिविधियों का मुद्दा, नगर पंचायत नगरी में अवैध मदरसा और प्रार्थना सभा की जांच की मांग
उत्तम साहू
नगरी। छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन तिहार अभियान के तहत नगर पंचायत नगरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में एक महत्वपूर्ण आवेदन सामने आया है। नगर पंचायत नगरी निवासी रूपेंद्र कुमार साहू ने प्रशासन को आवेदन सौंपकर नगर क्षेत्र में कथित रूप से संचालित अवैध मदरसे एवं अवैध चर्च/प्रार्थना सभाओं की जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत नगरी क्षेत्र में बिना प्रशासनिक अनुमति, पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेजों के कुछ धार्मिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। आवेदनकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर बिना अनुमति आवासीय परिसरों का उपयोग धार्मिक गतिविधियों एवं प्रार्थना सभाओं के लिए किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की शांति एवं सामाजिक समरसता प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि संबंधित संस्थानों के संचालन हेतु नगर पंचायत, राजस्व विभाग एवं सक्षम विभागों से अनुमति और एनओसी की जानकारी सार्वजनिक नहीं है। आवेदनकर्ता ने मांग की है कि प्रशासनिक टीम गठित कर संबंधित स्थलों की जांच की जाए तथा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त इस आवेदन को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

