बोराई वायरल वीडियो मामले में DSP स्तर की जांच, गांजा तस्करी रोकने सघन नाकेबंदी जारी
उत्तम साहू,धमतरी, 3 मई 2026। धमतरी पुलिस द्वारा गांजा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नाकेबंदी कर सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। इसी बीच 1 मई को बोराई क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें थाना प्रभारी द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच के आदेश दे दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उड़ीसा से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए बोराई थाना क्षेत्र में नाका लगाया गया था। इस दौरान एक वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से आगे बढ़ गया। जिस पर थाना प्रभारी द्वारा उसका पीछा किया गया।
बताया जा रहा है कि बाजार क्षेत्र में वाहन रुकवाने के बाद संबंधित व्यक्ति ने पुलिस अधिकारी को उकसाते हुए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। साथ ही, उक्त व्यक्ति द्वारा घटना का आंशिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जो पूरे घटनाक्रम को नहीं दर्शाता।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो केवल घटना के एक हिस्से को प्रदर्शित करता है और वास्तविक स्थिति की पूरी तस्वीर सामने नहीं लाता।
जांच जारी, वैधानिक कार्रवाई होगी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से अपील
पुलिस ने नागरिकों और मीडिया से अपील की है कि वे अधूरी या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

