PG कॉलेज मैदान में कार बनी “सट्टे का अड्डा”, धमतरी पुलिस ने दो युवकों को दबोचा
उत्तम साहू
धमतरी पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला उस समय सामने आया जब शहर के पीजी कॉलेज मैदान में खड़ी एक कार के भीतर मोबाइल ऐप के जरिए आईपीएल मैच पर लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, थाना सिटी कोतवाली की पेट्रोलिंग टीम को अंबेडकर चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक टाटा नेक्सॉन कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग निकले, लेकिन कार के भीतर बैठे दो युवकों को मोबाइल पर सट्टा खेलते हुए पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अमीत वाधवानी और विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू निवासी के रूप में हुई। जांच के दौरान उनके मोबाइल में “All Panel Exchange” नामक ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म संचालित पाया गया, जिसके जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत पर दांव लगाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन, दो अन्य मोबाइल, नगदी 5,200 रुपये और टाटा नेक्सॉन कार सहित लगभग 5 लाख 40 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल डेटा, बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन नेटवर्क की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि इस पूरे सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
धमतरी पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं ऑनलाइन सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

