वर्षा से पहले स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल: दुर्गम क्षेत्र रिसगांव में लगा स्वास्थ्य शिविर, 103 ग्रामीणों को मिला उपचार

0

 

वर्षा से पहले स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल: दुर्गम क्षेत्र रिसगांव में लगा स्वास्थ्य शिविर, 103 ग्रामीणों को मिला उपचार



उत्तम साहू 

नगरी (धमतरी)। वर्षा ऋतु के आगमन से पहले स्वास्थ्य विभाग ने दूरस्थ और वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों की सेहत को लेकर विशेष पहल की है। विकासखंड नगरी के दुर्गम ग्राम रिसगांव में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में 103 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम, समय पर उपचार और ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में चिकित्सक दल ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया और मलेरिया, डायरिया, उल्टी-दस्त जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी भी साझा की।

गर्भवती और धात्री माताओं की विशेष जांच

शिविर के दौरान 07 गर्भवती महिलाओं और 11 धात्री माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। वहीं 15 लोगों की नेत्र जांच तथा 33 ग्रामीणों की गैर संचारी रोग (एनसीडी) संबंधी जांच भी की गई।

मितानिनों को दिया गया दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक

स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र की सभी मितानिनों को आगामी तीन से चार माह के लिए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध कराया गया। इससे बारिश के दौरान दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सकेगा।

स्वास्थ्य टीम की रही सक्रिय भागीदारी

शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एन. सोम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेवाएं दीं। इस दौरान ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक हितेंद्र कुमार साहू, चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र नेताम, नेत्र सहायक अधिकारी राकेश साहू, फार्मासिस्ट धर्मेंद्र सिन्हा, एमएलटी मुकेश बंजारे, स्टाफ नर्स कविता साहू सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

मितानिनों और पंचायत का मिला सहयोग

शिविर के सफल आयोजन में क्षेत्र की मितानिनों एवं ग्राम पंचायत रिसगांव के सरपंच चंद्र कुमार अगवानी का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य संरक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में रिसगांव का यह शिविर स्वास्थ्य विभाग की एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !