लिफ्ट से शुरू हुई पहचान, बाइक चोरी पर खत्म हुआ खेल; आरोपी पहुंचा जेल
उत्तम साहू,धमतरी। एक युवक ने राह चलते अजनबी को लिफ्ट दी, लेकिन उसे क्या पता था कि यही मदद उसके लिए भारी पड़ जाएगी। लिफ्ट मांगकर दोस्ती गांठने वाले शातिर चोर ने मौका मिलते ही बाइक पार कर दी। हालांकि धमतरी पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी ज्यादा दिनों तक कानून से बच नहीं सका।
मामला मई 2026 का है। बालोद जिले के देवरी कचांदुर निवासी संजय मारकंडे अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से गंगरेल घूमने आए थे। लौटते समय अंबेडकर चौक में एक अज्ञात युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी। संजय ने मानवता दिखाते हुए उसे नेहरू गार्डन तक छोड़ दिया। इसके बाद वह स्वयं वहीं आराम करने लगे। सुबह जब उनकी नींद खुली तो मोटरसाइकिल गायब थी।
पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की तलाश में जुटी रही। आखिरकार 19 जून को सूचना मिली कि चोरी की बाइक आमातालाब रोड क्षेत्र में चलाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सेन समाज भवन के पास घेराबंदी की और संदेही युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पेमन साहू (31 वर्ष), निवासी खपरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी बताया। आरोपी ने बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अजनबियों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

