ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार
आईपीएल सट्टेबाजी में धमतरी-रायपुर कनेक्शन उजागर
उत्तम साहू,धमतरी। जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और साइबर माध्यम से संचालित गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली के अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत दर्ज प्रकरण की विवेचना के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन में तुषार यादव उर्फ सुजल (22 वर्ष), निवासी रिसाईपारा वार्ड क्रमांक 15 धमतरी की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इसी मामले में पहले ही शंकर मंगलानी निवासी बनियापारा तथा मनमोहन पटेल उर्फ छोटू पटेल निवासी शिव मंदिर चौक, बनियापारा धमतरी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
वहीं दूसरे मामले अपराध क्रमांक 98/2026 की जांच के दौरान पहले से गिरफ्तार आरोपी आयुष वाधवानी से मिली जानकारी, तकनीकी साक्ष्य और अन्य जांच के आधार पर अमित नेभानी (46 वर्ष), निवासी गुरु घासीदास वार्ड, तेलीबांधा रविग्राम, रायपुर की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे भी न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और एक्सचेंज वेबसाइटों के माध्यम से आईपीएल सहित अन्य क्रिकेट मैचों में हार-जीत पर दांव लगवाकर अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सट्टा सिंडिकेट की भूमिका की भी जांच कर रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और साइबर माध्यम से संचालित गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

